एसआईआर विरोध में एक नवंबर को रामलीला मैदान में बड़ी रैली

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और चुनाव आयोग को लेकर चल रहे विवाद के बीच विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक ने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली का ऐलान किया है। इस रैली के जरिए विपक्ष चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर अपनी मांगों को मजबूती से उठाएगा।
विपक्ष की मांगों में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे, कानूनी कार्यवाही से सुरक्षा देने वाले वर्ष दो हजार तेईस के कानून को वापस लेने, विशेष गहन पुनरीक्षण को स्थगित करने, हटाए गए मतदाताओं के नाम बहाल करने, मतपत्र से मतदान की वापसी और पिछले दो वर्षों के विधानसभा चुनाव परिणामों को रद्द करने की मांग शामिल है। विपक्ष का कहना है कि उसका अभियान लोकतंत्र की रक्षा और चुनाव आयोग की विश्वसनीयता बहाल करने के लिए है।
गौरतलब है कि यह मामला सर्वोच्च न्यायालय के विचाराधीन भी है, हालांकि अदालत ने विशेष गहन पुनरीक्षण पर रोक नहीं लगाई है। एक नवंबर की रैली से पहले दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने की संभावना है।



