तीन दिन की गिरावट बाद शेयर बाजार में उछाल

भारतीय शेयर बाजार ने शुक्रवार को तीन दिन की लगातार गिरावट के बाद राहत की सांस ली। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 340 अंक चढ़कर 73,588 अंक पर पहुंचा, जबकि निफ्टी 50 भी 36 अंकों से अधिक की बढ़त के साथ 22,724 अंक के ऊपर कारोबार करता दिखा।
गुरुवार को बाजार लगातार तीसरे दिन गिरावट में बंद हुआ था। सेंसेक्स 460 अंक यानी 0.62 प्रतिशत टूटकर 73,249.39 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 123.70 अंक यानी 0.54 प्रतिशत गिरकर 22,687.65 पर आ गया था। ब्रेंट क्रूड के 113 डॉलर प्रति बैरल के पार जाने और मध्य पूर्व के तनाव से निवेशकों की धारणा प्रभावित रही।
शुक्रवार की सुबह आईटी शेयरों में खरीदारी से बाजार को सहारा मिला। हालांकि ऑटो, मेटल, एनर्जी और एफएमसीजी समेत अधिकांश क्षेत्रीय सूचकांक कमजोरी में रहे। जानकारों का कहना है कि कच्चे तेल के ऊंचे भाव बने रहने तक बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
मुद्रा बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 94.79 के स्तर पर खुला। बाजार की नजर अब कच्चे तेल की कीमतों, वैश्विक संकेतों और कंपनियों के तिमाही नतीजों पर रहेगी, जिनमें आज कई बड़ी कंपनियां अपने नतीजे जारी करेंगी।



