देव कार्तिक छठ मेला की तैयारियां तेज, बैठक में निर्देश

बिहार के औरंगाबाद जिले के देव प्रखंड में लगने वाले प्रसिद्ध देव कार्तिक छठ मेला 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। देव में पौराणिक सूर्य मंदिर होने के कारण छठ पर्व बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और आस्था के साथ मनाया जाता है, और इसकी ख्याति दूर-दूर तक फैली है। यहां लाखों की संख्या में अन्य जिलों, दूर-दराज के क्षेत्रों और राज्य के बाहर से व्रती छठ व्रत करने आते हैं। तैयारियों की समीक्षा के लिए 16 अक्टूबर को जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय के सभाकक्ष में सभी जिला स्तरीय और देव प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि देव कार्तिक छठ मेला का आयोजन 13 नवंबर को नहाय-खाय से लेकर 16 नवंबर को प्रातः अर्घ्य तक किया जाएगा। इस अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं और व्रतियों के आगमन को देखते हुए समुचित तैयारियां और विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला पदाधिकारी ने देव से जुड़ने वाले सभी मार्गों की मरम्मत का कार्य तत्काल पूरा करने, मेला परिसर में बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट के लिए स्थलों को चिह्नित करने तथा आवासन स्थलों पर टेंट, पंडाल, लाइटिंग और जनरेटर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल, विशेषकर महिला पुलिस बल की तैनाती, चौबीस घंटे पेयजल की उपलब्धता, अस्थायी चिकित्सा शिविर और सात एंबुलेंस की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।



