देश में कोरोना सक्रिय मामले चार हजार पार पहुंचे

देश में कोरोना वायरस के मामलों में एक बार फिर वृद्धि दर्ज की जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के डैशबोर्ड के अनुसार देश में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 4,026 हो गई है। पिछले 24 घंटों में 65 नए मामले सामने आए हैं और अब तक कुल पांच मौतें दर्ज की गई हैं।
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में केरल में 1,416, महाराष्ट्र में 494, गुजरात में 397, दिल्ली में 393 और पश्चिम बंगाल में 372 सक्रिय मामले हैं। विशेषज्ञों के अनुसार नए अत्यधिक संक्रामक वेरिएंट एनबी.1.8.1 और एलएफ.7 के प्रसार से मामलों में तेजी आई है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्कता जरूरी है। लक्षण आमतौर पर हल्के से मध्यम हैं, फिर भी यह वेरिएंट तेजी से फैलता है। बुजुर्गों और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
विशेषज्ञों ने भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने, हाथों की सफाई रखने और श्वसन स्वच्छता का पालन करने की सलाह दी है। बुखार, खांसी या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखने पर जांच कराना उचित होगा।



