पीएम सेतु में पांच आईटीआई समूहों को 1194 करोड़ मंजूरी

नई दिल्ली। कौशल विकास और औद्योगिक प्रशिक्षण को नई रफ्तार देने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। पीएम-सेतु योजना की छठी राष्ट्रीय संचालन समिति की बैठक में पांच आईटीआई समूहों के लिए करीब 1194 करोड़ रुपये की निवेश योजनाओं को मंजूरी दी गई है। ये समूह महाराष्ट्र, ओडिशा और जम्मू-कश्मीर में स्थित हैं।
योजना के तहत इन संस्थानों में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारी जाएगी और उद्योगों की जरूरत के अनुसार पाठ्यक्रमों को मजबूत किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार इस निवेश से युवाओं को रोजगार से जुड़े कौशल हासिल करने में मदद मिलेगी और स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण का ढांचा मजबूत होगा।
गौरतलब है कि पीएम-सेतु के अंतर्गत अब तक कुल स्वीकृतियां 3687 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी हैं। सरकार का उद्देश्य आईटीआई संस्थानों को आधुनिक तकनीक और उद्योग साझेदारी से जोड़कर युवाओं के लिए अवसर बढ़ाना है। आने वाले समय में इन समूहों में कार्य शुरू होने से हजारों प्रशिक्षुओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



