पीलीभीत में दस हजार से अधिक मतदाता प्रविष्टियां गलत पाई गईं

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है। चुनाव अधिकारियों ने पीलीभीत विधानसभा क्षेत्र में दस हजार चार सौ सत्तर मतदाता प्रविष्टियों में गड़बड़ी पाई है।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा के कार्यालय के अनुसार, जांच में पाया गया कि मतदाता पंजीकरण केंद्र पर एक कंप्यूटर सहायक ने इकतीस मई से उनतीस अगस्त के बीच फॉर्म-आठ के तेरह हजार सात सौ उन्यासी आवेदन दर्ज किए थे। इनमें से दस हजार चार सौ सत्तर आवेदन स्वीकृत हुए और तीन हजार तीन सौ नौ खारिज किए गए।
जांच में यह भी सामने आया कि इन प्रविष्टियों से जुड़े आवेदन पत्र और सहायक दस्तावेज कार्यालय में उपलब्ध नहीं थे। इसके बाद कंप्यूटर सहायक को बर्खास्त कर दिया गया और संबंधित अवधि में तैनात दो निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
अधिकारियों के खिलाफ जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा बत्तीस और भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के तहत कार्रवाई होगी। सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।



