प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली में विज्ञान नवाचार सम्मेलन का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में उभरती विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार सम्मेलन ईएसटीआईसी दो हजार छब्बीस का उद्घाटन किया। सत्ताईस से उनतीस अक्टूबर तक चलने वाला यह तीन दिवसीय आयोजन देश के वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और नीति निर्माताओं को एक मंच पर ला रहा है। सम्मेलन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, जैव प्रौद्योगिकी, उन्नत सामग्री और स्वास्थ्य सेवा सहित बारह महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर चर्चा हो रही है। इसका उद्देश्य शोध की प्राथमिकताएं तय करना, राष्ट्रीय क्षमताओं को मजबूत करना और वैज्ञानिक खोजों को आम लोगों के काम आने वाले व्यावहारिक समाधानों में बदलना है। आयोजन की प्रदर्शनी में भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों और नई तकनीकों को दिखाया जा रहा है, जिसमें लगभग डेढ़ सौ डीप-टेक स्टार्टअप अपने नवाचार पेश कर रहे हैं। ग्लोबल कनेक्ट कार्यक्रम में शिक्षा और उद्योग के तीन सौ से अधिक प्रतिभागी प्रयोगशालाओं से बाजार तक नवाचार पहुंचाने के लिए साझेदारी तलाश रहे हैं। इसरो भी इस आयोजन का प्रमुख भागीदार है और अगली पीढ़ी के भारी प्रक्षेपण यान के साथ चंद्रयान-चार और चंद्रयान-पांच मिशनों के मॉडल प्रदर्शित कर रहा है। यह सम्मेलन विकसित भारत दो हजार सैंतालीस के लक्ष्य की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।



