मधुर भंडारकर बनाएंगे श्यामा प्रसाद मुखर्जी पर फिल्म

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मकार मधुर भंडारकर अब डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन और विरासत को बड़े पर्दे पर लाने जा रहे हैं। उनकी अगली फिल्म का कार्यकारी शीर्षक स्यामा द मिसिंग चैप्टर रखा गया है। भंडारकर एंटरटेनमेंट और एकेएच वेंचर्स के संयुक्त निर्माण में बनने वाली इस फिल्म के निर्माता आदित्य कुमार हलवासिया हैं। यह घोषणा भंडारकर की आगामी फिल्म द वाइव्स ऑफ बॉलीवुड के पूरा होने के बाद की गई है।
फिल्म में डॉ. मुखर्जी की राजनीतिक यात्रा, उनके वैचारिक विश्वासों और भारतीय इतिहास में उनकी भूमिका को दिखाया जाएगा। इसमें कलकत्ता विश्वविद्यालय के सबसे युवा कुलपति बनने से लेकर पंडित नेहरू के मंत्रिमंडल में शामिल होने, सरकार से वैचारिक मतभेदों के बाद इस्तीफा देने और 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना जैसे अहम पड़ाव शामिल होंगे। 1953 में जम्मू-कश्मीर में परमिट व्यवस्था के खिलाफ उनके अभियान और हिरासत में उनकी मृत्यु की परिस्थितियों को भी ऐतिहासिक नाटक और राजनीतिक थ्रिलर के अंदाज में पेश किया जाएगा।



