लखनऊ कचहरी बाहर अवैध चैंबरों पर बुलडोजर चला, वकील नाराज

लखनऊ में कचहरी परिसर के बाहर वकीलों द्वारा बनाए गए अवैध चैंबरों पर प्रशासन की कार्रवाई शुरू हो गई है। उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद लखनऊ नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाने का काम शुरू किया। बताया जा रहा है कि कोर्ट परिसर के आसपास दो सौ से अधिक ऐसे चैंबर चिह्नित किए गए थे, जो बिना अनुमति के बनाए गए थे। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात किए गए। चैंबरों पर लाल निशान लगाए गए हैं और अधिकारियों का कहना है कि सभी चिह्नित चैंबरों को तोड़ा जाएगा। कार्रवाई का विरोध करते हुए बड़ी संख्या में अधिवक्ता सड़क पर धरने पर बैठ गए। वकीलों का कहना है कि चैंबर उनके कामकाज का प्रमुख स्थान हैं और इन्हें हटाने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जानी चाहिए थी। उनका कहना है कि लगभग दो हजार अधिवक्ता इस कार्रवाई से प्रभावित हो रहे हैं। त्योहार के समय कामकाज और कार्यालय से जुड़ी समस्याएं बढ़ गई हैं। अधिवक्ताओं ने मांग की है कि पहले उनके बैठने और काम करने के लिए दूसरी जगह की व्यवस्था की जाए, उसके बाद ही चैंबर हटाए जाएं।



