लखनऊ में 1600 किलो मिलावटी मिठाई नष्ट की गई

लखनऊ। दीवाली और धनतेरस के त्योहारी सीजन से पहले मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। खाद्य सुरक्षा विभाग और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने शहर के कई इलाकों में छापे मारकर करीब 1600 किलो मिलावटी मिठाई बरामद कर नष्ट कर दी। इसके साथ ही 135 किलो खराब टोफू भी जब्त कर नष्ट किया गया।
अधिकारियों के अनुसार त्योहारों में मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ ही मिलावट का खेल भी तेज हो जाता है, जिसे रोकने के लिए यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से आठ नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि छापों का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे खरीदारी करते समय गुणवत्ता का ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध सामग्री की सूचना विभाग को दें, ताकि त्योहारी सीजन में सेहत से खिलवाड़ न हो सके।



