चाय की दुकान के पास बैठा था किशोर, झपट्टा मारकर तेंदुए ने किया हमला; एक सप्ताह में तीसरी वारदात

चाय की दुकान के पास बैठा था किशोर, झपट्टा मारकर तेंदुए ने किया हमला; एक सप्ताह में तीसरी वारदात

महराजगंज।निचलौल सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के निचलौल रेंज में तेंदुए का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार रात करीब 8 बजे बहुआर मार्ग स्थित लेदी के पास चाय की दुकान के बाहर बाइक पर बैठे एक किशोर पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। हमले में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया जहां उसका उपचार जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, शितलापुर निवासी हिरदेश राजभर अपने पिता मुनिरका की चाय की दुकान के पास खड़ी बाइक पर बैठा था। तभी जंगल से निकला तेंदुआ पीछे से झपटा और अपने पंजों से उसकी पीठ व हाथ पर हमला कर दिया। किशोर की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े जिसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया।सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेंजर सुनील राव ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर निगरानी बढ़ा दी गई है और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।गौरतलब बात यह है कि एक सप्ताह के भीतर तेंदुए के हमले की यह तीसरी घटना है। इससे पहले 25 जून को चरभरिया निवासी सुरेश तथा 1 जुलाई को ढेसो पुल के पास रामप्रीत यादव तेंदुए के हमले में घायल हो चुके हैं। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने और प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने की मांग की है।