बलरामपुर: लौकहवा डिप पर पुल निर्माण की मांग तेज, युगल किशोर शुक्ल के नेतृत्व में प्रदर्शन, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

बलरामपुर। हर्रैया सतघरवा विकास खंड क्षेत्र के लौकहवा डिप पर पुल निर्माण की मांग को लेकर समाजसेवी एवं पूर्व सांसद प्रत्याशी युगल किशोर शुक्ल एडवोकेट के नेतृत्व में क्षेत्रीय लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन भेजकर पुल का शीघ्र निर्माण कराए जाने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि विधानसभा तुलसीपुर अंतर्गत विकास खंड हर्रैया सतघरवा के हरिहरगंज-ललिया-बनकटवा (अन्य जिला मार्ग) के किलोमीटर-11 पर स्थित लौकहवा डिप पर पुल नहीं होने के कारण बरसात के मौसम में लाखों लोगों का आवागमन प्रभावित हो जाता है। बाढ़ के दौरान हेंगहा, डोरवा, गौरैया और चकैया जैसे जंगली एवं पहाड़ी नालों का पानी सड़क पर बहने लगता है, जिससे मार्ग पूरी तरह बंद हो जाता है। ज्ञापन में कहा गया कि लौकहवा डिप पर डबल रोड अचानक सिंगल रोड में बदल जाती है और सड़क नीचे धंस जाने के कारण तेज रफ्तार वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। कई बार यहां हादसों में लोगों की जान जा चुकी है। पूर्व प्रधान स्वर्गीय चेत राम वर्मा की भी इसी मार्ग पर बाढ़ के दौरान बह जाने से मौत हो गई थी। कई अन्य मौकों पर तैराकों और सुरक्षा बलों ने लोगों की जान बचाई है। बताया गया कि इसी मार्ग से ललिया थाना, हर्रैया सतघरवा ब्लॉक मुख्यालय, शिवपुरा तथा भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों और सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग के बनकटवा रेंज के कर्मचारियों का नियमित आवागमन होता है। साथ ही यह मार्ग विकास खंड हर्रैया सतघरवा के लोगों के लिए जिला मुख्यालय बलरामपुर पहुंचने का प्रमुख रास्ता भी है, जो हर वर्ष बारिश और बाढ़ के दौरान बाधित हो जाता है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लौकहवा डिप पर पुल का निर्माण होने से क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होगा और लाखों लोगों को राहत मिलेगी। इस अवसर पर पूर्व सांसद प्रत्याशी युगल किशोर शुक्ल एडवोकेट के साथ मनमोहन तिवारी, कृष्णा राम, अमरेश, राकेश, काशी राम, जयशंकर, महेश, रामनिवास, छोटकऊ, पन्नालाल, शाहिद, दिनेश, इरफान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि लौकहवा डिप पर पुल का निर्माण क्षेत्र की आवश्यकता है और मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में इसे अत्यंत जरूरी बताते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।