खानपुर । शटडाउन में भी करंट चालू करने से मृत संविदाकर्मी के परिजनों को ग्रिड के एमडी ने दी तत्काल आर्थिक सहायता,व एक परिजन को मिलेगा रोजगार
खानपुर। में शनिवार को विद्युत दुर्घटना में जान गंवाने वाले संविदा विद्युतकर्मी धर्मेंद्र यादव (वकील यादव)के परिजनों से रविवार को ग्रिड पावर सिस्टम के प्रबंध निदेशक जीपी सिंह ने उनके आवास पहुंचकर मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। इसके बाद आर्थिक सहायता सौंपी। बता दें कि शनिवार को खानपुर उपकेंद्र के नेवादा फीडर अंतर्गत अहलादपुर गांव में शटडाउन लेकर ट्रांसफार्मर पर कार्य के दौरान करंट लगने से धर्मेंद्र यादव की मौत हो गई थी। वो ग्रिड पावर सिस्टम के माध्यम से संविदा पर कार्यरत थे। जिसके चलते कंपनी की ओर से मृतक के पिता रामअवध यादव को तत्काल राहत के रूप में 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। साथ ही बताया गया कि मृतक की पत्नी को कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ), कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) तथा आजीवन पेंशन सहित सभी पात्र लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कंपनी ने यह भी आश्वासन दिया कि यूपीपीसीएल की दुर्घटना बीमा योजना के तहत मिलने वाली 10 लाख रुपये की सहायता राशि शीघ्र दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। इसके अलावा परिवार के किसी पात्र सदस्य को नियमानुसार संविदा पर रोजगार दिलाने के लिए भी प्राथमिकता के आधार पर प्रयास किए जाएंगे। ग्रिड पावर सिस्टम ने अपने बयान में कहा कि इस हादसे से पूरा कंपनी परिवार मर्माहत है और दुख की इस घड़ी में वह दिवंगत कर्मी के परिजनों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।

