गयाजी में मुठभेड़ के बाद दो कुख्यात अपराधी गिरफ्तार

बिहार के गयाजी में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें दो कुख्यात अपराधी घायल हो गए। दोनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। यह कार्रवाई मुफस्सिल थाना क्षेत्र में गोलीकांड से जुड़े मामले के फरार आरोपियों की तलाश में की गई थी।
पुलिस के अनुसार दबिश के दौरान घिरता देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के निर्देश पर सिटी एसपी, वजीरगंज के एसडीपीओ और मुफस्सिल थानाध्यक्ष दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस का कहना है कि मामले में विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है और अन्य संलिप्त अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी अभियान जारी है।



