लखनऊ कचहरी के अवैध चैंबरों पर आज चलेगा बुलडोजर

लखनऊ के कैसरबाग स्थित सिविल कोर्ट और आसपास बने करीब दो सौ ग्यारह अवैध चैंबरों पर आज बुलडोजर कार्रवाई प्रस्तावित है। वकीलों की अपील उच्च न्यायालय से खारिज होने और नगर निगम की ओर से आपत्तियां निरस्त किए जाने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली है। इससे पहले भी एक बार नगर निगम की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची थी, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल न मिल पाने के कारण कार्रवाई टल गई थी। त्योहारों के कारण भी कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया था। नगर निगम के सर्वे के अनुसार कचहरी परिसर के आसपास सड़क, फुटपाथ और नालियों की जमीन पर अवैध रूप से चैंबरों का निर्माण कर लिया गया था, जिससे क्षेत्र में दिनभर जाम की समस्या बनी रहती है। उच्च न्यायालय के आदेश के बाद नगर निगम ने नोटिस जारी कर लोगों से जवाब मांगा था, लेकिन किसी भी अवैध निर्माणकर्ता ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। बाद में सार्वजनिक सूचना के जरिए आपत्ति दाखिल करने का मौका दिया गया, जिसमें करीब चौदह लोगों ने आपत्ति दर्ज की थी। निर्माण और जमीन से संबंधित कोई अभिलेख न दिखा पाने के कारण ये आपत्तियां खारिज कर दी गईं। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और शांतिपूर्ण ढंग से अतिक्रमण हटाया जाएगा।



