सीएजेएम ने एनसीआर उद्योगों में कैमरे अनिवार्य किए

नई दिल्ली। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने एनसीआर क्षेत्र की प्रदूषण फैलाने वाली सभी औद्योगिक इकाइयों में पीटीजेड कैमरे लगाना अनिवार्य कर दिया है। ये कैमरे केंद्रीय कमांड सर्वर से जुड़े रहेंगे, जिससे इकाइयों की गतिविधियों पर सीधी निगरानी रखी जा सकेगी।
आयोग के अनुसार बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था जरूरी हो गई है। कैमरों के जरिए यह देखा जा सकेगा कि इकाइयां प्रदूषण नियंत्रण मानकों का पालन कर रही हैं या नहीं। उल्लंघन की स्थिति में संबंधित इकाई पर कार्रवाई का रास्ता भी साफ होगा।
पर्यावरण विशेषज्ञों का मानना है कि लाइव निगरानी से औद्योगिक उत्सर्जन पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। इकाइयों को निर्धारित समयसीमा में कैमरे लगाकर उन्हें सर्वर से जोड़ना होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों की अनदेखी करने वाली इकाइयों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। इस फैसले को एनसीआर की हवा सुधारने की दिशा में अहम माना जा रहा है।



