मोदी-टस्क वार्ता में व्यापार दोगुना करने पर सहमति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के बीच नई दिल्ली में हुई बातचीत में दोनों देशों ने द्विपक्षीय व्यापार को 2030 तक दोगुना करने पर सहमति जताई है। बातचीत में रक्षा, अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
दोनों नेताओं ने रक्षा उद्योग संवाद और आतंकवाद-विरोधी संवाद की स्थापना पर भी सहमति जताई। विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने बताया कि पोलैंड आपदा-रोधी बुनियादी ढांचे के लिए गठबंधन (सीडीआरआई) में भी शामिल हो गया है, जिससे सहयोग का दायरा और बढ़ेगा।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन और पश्चिम एशिया में शांति लाने के सार्थक प्रयासों का भारत की ओर से समर्थन दोहराया। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा वार्ता और कूटनीति के माध्यम से विवादों के समाधान का पक्षधर रहा है।
इससे पहले पोलैंड के प्रधानमंत्री बेंगलुरु भी पहुंचे, जहां उनका स्वागत किया गया। व्यापार, प्रौद्योगिकी और अंतरराष्ट्रीय मामलों में दोनों देशों के बीच यह बातचीत द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है।



