पीलीभीत में दस हजार चार सौ सत्तर मतदाता प्रविष्टियां संदिग्ध मिलीं

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत सदर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची में बड़ी अनियमितताएं सामने आई हैं। चुनाव अधिकारियों ने कुल 10,470 मतदाता प्रविष्टियों में गड़बड़ी पकड़ी है।
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया था कि 13,150 मतदाताओं के ईपिक नंबर एक जैसे पाए गए हैं, जबकि उनके नाम और पिता के नाम अलग-अलग थे। इसी शिकायत के बाद निर्वाचन अधिकारियों ने जांच शुरू की थी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ईआरओ और वीआरसी ऑपरेटर को मतदाता सूची से जुड़ी जिम्मेदारियों से तत्काल हटाकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। दस अप्रैल से 21 अक्टूबर के बीच दर्ज फॉर्म-6 और फॉर्म-7 प्रविष्टियों की विस्तृत जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
विपक्षी दलों का आरोप है कि मतदाता सूचियों की तैयारी और रखरखाव में अनियमितताएं हो रही हैं। आयोग ने एक दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी है और फॉर्म-8 की गलत प्रविष्टियों को नियमों के अनुसार सुधारने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।



