अवैध मानव अंडाणु रैकेट पर ईडी की कार्रवाई, उनतीस लाख बरामद

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने महाराष्ट्र में अवैध मानव अंडाणु रैकेट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 29 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। साथ ही बैंक लॉकर और म्यूचुअल फंड निवेश को सीज किया गया है।
ईडी के मुंबई जोनल कार्यालय ने 16 अक्टूबर को ठाणे, बारामती और नासिक में अस्पतालों और आईवीएफ केंद्रों सहित दस ठिकानों पर तलाशी ली थी। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग निरोधक कानून (पीएमएलए) के तहत ठाणे पुलिस की एफआईआर और चार्जशीट के आधार पर की गई।
जांच एजेंसी के अनुसार मंजूषा वानखेड़े और 16 अन्य लोगों का एक संगठित नेटवर्क आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को अंडाणु दान के लिए भर्ती करता था और उन्हें आईवीएफ केंद्रों व एआरटी बैंकों को उपलब्ध कराता था। महिलाओं को एजेंटों के जरिए भुगतान किया जाता था, जबकि बिचौलिए कमीशन लेते थे।
जांच में आधार कार्ड, शपथ पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, पैन कार्ड और रक्त जांच रिपोर्ट जैसे जाली दस्तावेज बनाकर दानदाताओं की पहचान छिपाने और बार-बार प्रक्रिया कराने के आरोप भी सामने आए हैं। इससे महिलाओं को गंभीर चिकित्सकीय जोखिम का सामना करना पड़ सकता था।



