उप्र के अठारह मंडलों में पहुंचेगा ब्लू डॉट्सएआई रोजगार मंच

उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन अपने 'ब्लू डॉट्सएआई' मंच का विस्तार अब राज्य के सभी अठारह मंडलों में करने जा रहा है। यह डिजिटल मंच युवाओं को उनके नजदीक उपलब्ध नौकरियों से जोड़ने के लिए तैयार किया गया है, जिससे रोजगार की तलाश आसान होगी।
मिशन निदेशक पुलकित खरे के मार्गदर्शन में बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और वन स्टेप फाउंडेशन के बीच इस संबंध में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए। यह पहल जून माह से संचालित हो रही है और अब इसे औपचारिक रूप से मिशन के साथ जोड़ा गया है, ताकि कौशल प्रशिक्षण को उद्योगों की वास्तविक जरूरतों से जोड़ा जा सके।
गाजियाबाद में हुए पायलट प्रोजेक्ट के दौरान बीस से पच्चीस किलोमीटर के दायरे में पच्चीस हजार से अधिक नौकरियां नक्शे पर खोजने योग्य बनाई गई थीं। मंच पर कंपनी की जानकारी, रिक्त पदों की संख्या, शुरुआती वेतन, ओवरटाइम और पिक-अप व ड्रॉप जैसी सुविधाओं का ब्योरा मिलेगा, जबकि कंपनियां अपनी जरूरत के अनुसार योग्य उम्मीदवार भी खोज सकेंगी।



