उत्तराखंड में 2027 चुनाव को लेकर भाजपा की रणनीतिक बैठक आज

उत्तराखंड में वर्ष दो हजार सत्ताईस के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा के प्रदेश प्रभारी राम माधव शुक्रवार को देहरादून में पार्टी पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक कर रहे हैं। बैठक में सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज भी शामिल होंगी।
बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और संगठन से जुड़े अन्य प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे। चर्चा का केंद्र संगठन की मौजूदा स्थिति, जिलों में चल रही गतिविधियों और आगामी चुनाव की तैयारियों की समीक्षा रहेगा। लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी भाजपा के लिए बड़ी चुनौती है, इसलिए पार्टी सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने के साथ कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दे रही है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारियों की सक्रियता को चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। बैठक के बाद आगे की कार्ययोजना को दिशा मिलने की उम्मीद है।



