चुनाव से पहले सपा का कुनबा बढ़ा, कई दिग्गज हुए शामिल

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी का कुनबा लगातार बढ़ता दिख रहा है। सोमवार को लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में नेताओं और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में अलग-अलग जिलों से आए नेताओं ने सपा का दामन थामा। शामिल होने वालों में बदायूँ के बिसौली से कुशाग्र सागर, दारा सिंह प्रजापति, पूर्व विधायक अजय कुमार, वाराणसी से चंद्र मिश्रा, शाहजहाँपुर से प्रदीप पांडेय और सौरभ सिंह शामिल रहे। इसके अलावा पूर्व आईएएस अधिकारी राम बहादुर पासी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य माणिक चंद और अमेरिका से पढ़ाई पूरी कर लौटी प्रोफेसर शबीना परवीन ने भी पार्टी ज्वाइन की। इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समुदायों के लोग लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि यही वर्ग 2027 के चुनाव में सत्ता परिवर्तन का रास्ता दिखाएगा। उन्होंने गरीबों को सुविधा और आवास देने का वादा भी दोहराया।



