वॉट्सएप वेब पर संवेदनशील काम करना खतरनाक, सरकार की चेतावनी: हर सेशन के बाद लॉगआउट जरूर करें

केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र ने वॉट्सएप वेब के इस्तेमाल को लेकर नई सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि दफ्तर के कंप्यूटर, साझा सिस्टम या किसी सार्वजनिक डिवाइस पर वॉट्सएप वेब से सरकारी, दफ्तर से जुड़ा या वित्तीय काम करना खतरनाक हो सकता है, क्योंकि खुला हुआ सेशन किसी और के हाथ लग जाए तो निजी संदेश पढ़े जा सकते हैं और पहचान का गलत इस्तेमाल करके धोखाधड़ी की जा सकती है।
एडवाइजरी में कहा गया है कि काम खत्म होने के बाद सिर्फ ब्राउजर का टैब बंद करना काफी नहीं है, हर बार खुद लॉगआउट करना जरूरी है। साइबर कैफे, पब्लिक कियोस्क या किसी और के कंप्यूटर पर वॉट्सएप वेब में लॉगिन करने से बचना चाहिए, और अगर साझा कंप्यूटर पर लॉगिन करना ही पड़े तो इनकॉग्निटो मोड का इस्तेमाल करके बाद में लॉगआउट जरूर करें। साथ ही मोबाइल ऐप में लिंक्ड डिवाइसेज की समय-समय पर जांच करते रहने की सलाह भी दी गई है।



