NDA में शामिल होंगे शरद पवार? BJP स्वागत को तैयार, विलय का पेच अब भी कायम

महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर नए सियासी समीकरण बनने के संकेत मिल रहे हैं। बीजेपी ने संकेत दिया है कि अगर शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एसपी) एनडीए में शामिल होना चाहती है तो उसका स्वागत किया जाएगा। बीजेपी के एक वरिष्ठ मंत्री के मुताबिक, दोनों एनसीपी गुटों का विलय आदर्श स्थिति होगी, लेकिन सत्ता में हिस्सेदारी की जटिलताओं के कारण अगर विलय संभव नहीं होता है तो शरद पवार की पार्टी को अलग सहयोगी के तौर पर शामिल करने में भी कोई परेशानी नहीं है। इस तरह एनसीपी (एसपी) महाराष्ट्र की महायुति में चौथी सहयोगी बन सकती है।
हालांकि, अंतिम फैसला शरद पवार की पार्टी को ही करना है। शरद पवार की बेटी और पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने कहा है कि जब ऐसा कोई प्रस्ताव ही नहीं है तो महायुति में शामिल होने की अटकलों पर वह टिप्पणी कैसे कर सकती हैं। इस साल 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में एनसीपी नेता अजित पवार के निधन के बाद दोनों एनसीपी गुटों के विलय की चर्चा तेज हुई थी। सूत्रों के मुताबिक, संसद के शीतकालीन सत्र में परिसीमन विधेयक के लिए दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी, और शरद पवार गुट के आठ लोकसभा सांसदों का समर्थन मिलने पर सरकार की स्थिति मजबूत हो सकती है।



