रोहतक में पुलिस चौकी से 50 कदम दूर ढाबे पर अंधाधुंध फायरिंग, खाना खा रहे 4 युवकों की मौत; गैंगवार की आशंका

हरियाणा के रोहतक में बुधवार देर रात करीब एक बजे खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम दूर स्थित मिलन ढाबे पर पांच हथियारबंद बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। ढाबे पर खाना खा रहे चार युवकों की मौत हो गई — तीन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि भागने की कोशिश कर रहे चौथे युवक का पीछा कर उसे भी गोली मार दी गई।
मृतकों की पहचान झज्जर के डीघल गांव निवासी रिंकू, विनीत और गंजू तथा बेरी निवासी हिमांशु के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में आठ टीमें गठित की हैं। शुरुआती जांच में वारदात को दो गुटों की पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।



