ओडिशा के गुडारी में स्वास्थ्य संकट पर एनएचआरसी ने मांगी रिपोर्ट

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने ओडिशा के रायगड़ा जिले के गुडारी क्षेत्र में बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं और सड़क संपर्क के अभाव के आरोपों पर संज्ञान लिया है। आयोग ने चार सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।
आयोग ने जिला मजिस्ट्रेट और कलेक्टर तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव से रिपोर्ट मांगी है। यह शिकायत जयपोर के मानवाधिकार कार्यकर्ता और अधिवक्ता अनुप कुमार पात्रो ने दायर की थी।
शिकायत के अनुसार 54 वर्षों से अधिसूचित क्षेत्र परिषद का दर्जा रखने वाले गुडारी में अब तक दो लेन की सड़क तक नहीं है, जिससे व्यापार, शिक्षा और आपात सेवाओं तक पहुंच बाधित होती है। चिकित्सा सेवाओं और विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी भी गंभीर बनी हुई है।
शिकायतकर्ता ने गुडारी को बिसमकटक और कोटगढ़ से जोड़ने वाले प्रस्तावित राज्य राजमार्ग की स्वीकृति की मांग की है, ताकि क्षेत्र का भौगोलिक अलगाव खत्म हो और विकास को रफ्तार मिल सके।
आयोग ने कहा है कि बुनियादी स्वास्थ्य और संपर्क सुविधाओं का अभाव लोगों के गरिमापूर्ण जीवन के अधिकार को प्रभावित करता है। रिपोर्ट मिलने के बाद आयोग मामले में आगे की कार्रवाई तय करेगा।



