जालौन में बारह केंद्रों पर उनतीस हजार अभ्यर्थी पीईटी परीक्षा देंगे

जालौन में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा के लिए बारह केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल उनतीस हजार नौ सौ बावन अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा पच्चीस अक्टूबर, तीस अक्टूबर और एक नवंबर को दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह दस बजे से दोपहर बारह बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। अधिकारियों ने उरई रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर परीक्षार्थियों की सुविधा और आवागमन से जुड़े इंतजामों का जायजा लिया। समीक्षा बैठक में परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए परिवहन विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं। उरई डिपो से अलीगढ़ और झांसी मार्ग पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर भीड़ के अनुसार रिजर्व बसें भी चलाई जाएंगी। रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं, ताकि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को जरूरी जानकारी और सहायता मिल सके। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।



