अयोध्या दीपोत्सव में इक्कीस सौ स्वदेशी ड्रोन से रामायण शो होगा

अयोध्या में इस वर्ष दीपोत्सव का दसवां संस्करण सात नवंबर को मनाया जाएगा और इसकी तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। इस बार समारोह में इक्कीस सौ स्वदेशी ड्रोन से रामायण पर आधारित आकाशीय शो प्रस्तुत किया जाएगा। यह शो सरयू तट पर आयोजित होगा और दर्शकों को रामायण की कथा आकाश में रोशनी के माध्यम से देखने को मिलेगी। समारोह तीन चरणों में आयोजित होगा, जिसमें रामायण आधारित झांकियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, भरत मिलाप और राज्याभिषेक शामिल होंगे। सरयू तट पर दो हजार से अधिक प्रतिभागी सामूहिक आरती करेंगे और पूरे धाम को लाखों मिट्टी के दीयों से सजाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि छब्बीस अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों के मंदिरों में वाल्मीकि रामायण का अखंड पाठ और रामायण पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। दीपोत्सव को लेकर अयोध्या में सुरक्षा, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और यातायात की तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है, इसलिए प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन की विशेष योजना बनाई है। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन अयोध्या की सांस्कृतिक पहचान को देश और दुनिया के सामने और मजबूत करेगा।



