सहारनपुर में वारण्टी गिरफ्तार, चोरी की बाइक भी बरामद

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में अपराध की रोकथाम और वांछित, वारण्टी व शातिर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मंडी पुलिस को दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग और दबिश के दौरान एक वारण्टी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, वहीं दूसरी ओर मोटरसाइकिल चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए चोरी की पल्सर बाइक के साथ एक अन्य वांछित अभियुक्त को भी दबोचने में कामयाबी पाई है। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर थाना मंडी पुलिस टीम ने पीरवाली गली से वारण्टी अभियुक्त समीर पुत्र राशिद, निवासी पीरवाली गली नंबर 8/4, थाना मंडी, सहारनपुर को गिरफ्तार किया। समीर संबंधित मुकदमा अपराध संख्या 305/2019 धारा 379/411 में वांछित था, जिसकी सुनवाई प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय परिषद, सहारनपुर में चल रही है। इस गिरफ्तारी को उपनिरीक्षक प्रतापदत्त शर्मा और हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार की टीम ने अंजाम दिया। दूसरे मामले में पुलिस ने चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद करते हुए वाहन चोरी के मुकदमे में वांछित अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और बरामद वाहन के स्वामी का पता लगाया जा रहा है।



