गोधरा ट्रेन अग्निकांड के दोषी की उम्रकैद की सजा निलंबित, सुप्रीम कोर्ट ने मेडिकल आधार पर दी जमानत

सुप्रीम कोर्ट ने 2002 के गोधरा ट्रेन अग्निकांड के दोषी इरफान सिराज पाड़ा की उम्रकैद की सजा निलंबित करते हुए उसे जमानत दे दी है। न्यायमूर्ति एम. एम. सुंदरेश और न्यायमूर्ति प्रसन्ना बी. वराले की पीठ ने यह आदेश दोषी की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति और 18 साल से ज्यादा लंबी हिरासत को देखते हुए सुनाया। अदालत ने साफ किया कि यह राहत सिर्फ चिकित्सा के आधार पर दी जा रही है।
इरफान सिराज पाड़ा उन 31 लोगों में शामिल है, जिन्हें साबरमती एक्सप्रेस के डिब्बे में आग लगाने के मामले में दोषी ठहराया गया था। 27 फरवरी 2002 को हुई इस घटना में 59 यात्रियों की जान गई थी। विशेष अदालत ने 2011 में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी। सुनवाई के दौरान गुजरात सरकार ने भी दोषी की चिकित्सा स्थिति को सही माना और सजा के निलंबन पर कोई आपत्ति नहीं जताई। दोषसिद्धि के खिलाफ अपीलें 2018 से सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं।



