अमित शाह बोले- अरुणाचल को केंद्र से मिला चार गुना फंड, सीमा के 40 गांवों में लौटे लोग

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को ईटानगर में कहा कि वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत सीमावर्ती गांवों में विकास के बाद चीन सीमा से सटे अरुणाचल प्रदेश के 40 गांवों के लोग अपने घर लौट रहे हैं। उन्होंने बताया कि 2004 से 2014 के बीच राज्य को केंद्र से करीब 33,530 करोड़ रुपये मिले थे, जबकि 2014 से 2024 के बीच यह सहायता बढ़कर 1.64 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गई।
शाह ने 5,610 करोड़ रुपये से अधिक की चार विकास परियोजनाओं की शुरुआत की, जिनमें मिशन शिक्षित अरुणाचल का दूसरा चरण, विद्युत विकास परियोजना, ग्रामीण सड़क विकास और 11 सीमावर्ती जिलों में 199 परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने दूध उत्पादन बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड और अमूल राज्य के दूध की खरीद करेंगे।



