दिग्विजय यात्रा में बच्चों के इस्तेमाल पर एनएचआरसी की जांच

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की यात्रा में बच्चों के इस्तेमाल के आरोपों पर संज्ञान लिया है। आयोग ने मध्य प्रदेश सरकार से 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी है।
शिकायत में आरोप है कि बच्चों को पैसे का लालच देकर यात्रा में शामिल किया गया और उनसे राजनीतिक नारे लगवाए गए। एनएचआरसी सदस्य प्रियंक कानूनगो की पीठ ने राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को जांच के आदेश दिए हैं।
आयोग ने कहा कि शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन प्रतीत होते हैं। इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव को सोशल मीडिया पर बच्चों की तस्वीरों और वीडियो के प्रसार की जांच के निर्देश भी दिए गए हैं।
कानूनगो ने कहा कि बच्चों का शोषण किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। अधिकारियों को बाल संरक्षण कानूनों के उल्लंघन पर उचित कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया है। यह कार्रवाई मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम की धारा 12 के तहत की गई है।



