लापता महिलाओं बच्चों के मामले में ओडिशा डीजीपी को नोटिस

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने ओडिशा में बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों के लापता होने के मामले में सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने राज्य के पुलिस महानिदेशक को जांच कर चार सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। यह निर्देश इक्कीस अक्टूबर को जारी पत्र के माध्यम से दिया गया।
मानवाधिकार संगठन एचआरएफ इंडिया के अध्यक्ष मनोज जेना की पांच अक्टूबर की शिकायत पर आयोग ने यह संज्ञान लिया। शिकायत में कहा गया कि ओडिशा में हजारों लापता व्यक्ति, जिनमें नाबालिग लड़कियां भी शामिल हैं, अब तक नहीं मिले हैं। इसमें मानव तस्करी नेटवर्क, अपर्याप्त रोकथाम उपायों और लापता व्यक्तियों की निगरानी व्यवस्था की खामियों पर चिंता जताई गई। संगठन ने तस्करी रोधी इकाइयों को मजबूत करने, समर्पित निगरानी तंत्र बनाने, मामलों की त्वरित जांच और बचाए गए पीड़ितों के पुनर्वास व परामर्श की मांग की। आयोग ने मामले को केस संख्या 1140/18/0/2026-WC के तहत दर्ज किया है।



