योगी के गढ़ गोरखपुर में अखिलेश यादव का 20 KM लंबा PDA रोड शो, बोले- अहंकार की होगी हार

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले गोरखपुर में करीब 20 किलोमीटर लंबा PDA रथ रोड शो निकाला। यात्रा गोरखपुर एयरपोर्ट से शुरू होकर सदर, ग्रामीण और चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए देवकही गांव पहुंची, जहां उन्होंने शहीद बाबू बंधु सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया।
रोड शो के दौरान समर्थकों ने बुलडोजर से फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। अखिलेश ने दावा किया कि 2027 में गोरखपुर की सभी नौ सीटों पर भाजपा हारेगी। भाजपा की ओर से उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रथ यात्रा को खारिज करते हुए कहा कि सपा का भविष्य अंधकारमय है।



