गुजरात के कच्छ में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर से टकराई कार; एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत

गुजरात के कच्छ जिले में भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक से आमने-सामने की टक्कर में कार सवार एक ही परिवार के सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रात करीब 10 बजे उस समय हुआ, जब परिवार रण ऑफ कच्छ घूमकर भुज लौट रहा था।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और शवों को निकालने में घंटों लग गए। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और तीन मासूम बच्चे शामिल हैं, जिनमें तीन महीने की एक बच्ची भी है। बताया जा रहा है कि परिवार उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र का रहने वाला है और भुज में तैनात सेना के जवान के परिजन हैं। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भुज के अस्पताल भेजा गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।



