खाटूश्यामजी में दो दिवसीय मासिक मेला शुरू हुआ

राजस्थान के सीकर जिले स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी में बाबा श्याम का दो दिवसीय मासिक मेला गुरुवार, 22 अक्टूबर से शुरू हो गया है। मेले के पहले दिन अलसुबह से ही बाबा श्याम के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं।
पापांकुशा एकादशी के पावन अवसर पर बाबा श्याम का सतरंगी फूलों से मनमोहक श्रृंगार किया गया। बाबा के अलौकिक स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। दरबार की भव्य सजावट ने मंदिर की सुंदरता में चार चांद लगा दिए।
मासिक मेला प्रत्येक माह शुक्ल पक्ष की एकादशी और द्वादशी को आयोजित किया जाता है। देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्याम भक्त खाटूधाम पहुंच रहे हैं। बाबा के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्री श्याम मंदिर कमेटी, प्रशासन और पुलिस ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर आवाजाही को व्यवस्थित रखने के इंतजाम किए गए हैं। मेले के दौरान रात्रि में विभिन्न स्थानों पर भजन संध्याओं का भी आयोजन होगा।



