श्रीडूंगरगढ़ में वीर बिग्गाजी मेले का शुभारंभ हुआ

राजस्थान के श्रीडूंगरगढ़ में धड़ देवली धाम में गौ रक्षक वीर बिग्गाजी महाराज का दो दिवसीय वार्षिक मेला गुरुवार, 22 अक्टूबर से आरंभ हो गया है। मेले को लेकर दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्री संघों के साथ जयकारे लगाते हुए धाम पहुंच रहे हैं।
मेले के अवसर पर मंदिर परिसर को विशेष रोशनी से सजाया गया है। वीर बिग्गाजी मानव सेवा संस्थान के अनुसार मेले में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मेले के मुख्य आकर्षण के रूप में आज, शुक्रवार की रात संगीतमय विशाल जागरण आयोजित होगा। इसमें प्रसिद्ध भजन गायिका अर्चना देवी एंड पार्टी भजनों की प्रस्तुतियां देंगी। जागरण को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराने के लिए मेला कमेटी ने बैरिकेडिंग करवाई है और वाहनों की पार्किंग के लिए मंदिर के पास खाली जगह पर व्यवस्था की गई है। व्यवस्था बनाए रखने के लिए वीर बिग्गाजी सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने भी जिम्मेदारी संभाल ली है।



