रायबरेली में कोचिंग पंजीकरण शिविर का दूसरा दिन संपन्न, बड़ी संख्या में संचालकों ने किए आवेदन

रायबरेली। जनपद में संचालित कोचिंग संस्थानों के पंजीकरण एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित तीन दिवसीय संयुक्त शिविर का दूसरा दिन मंगलवार को संपन्न हुआ। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में बड़ी संख्या में कोचिंग संचालकों ने पंजीकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव सिंह ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण किसी भी कोचिंग संस्थान का संचालन नहीं किया जाएगा। उन्होंने संचालकों से जल्द से जल्द आवेदन प्रस्तुत कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की, ताकि संस्थानों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जा सके। इस दौरान कोचिंग संचालकों की विभिन्न शंकाओं और समस्याओं पर भी चर्चा हुई। प्रथम दिवस हुई बैठक में रायबरेली विकास प्राधिकरण, विद्युत विभाग, अग्निशमन विभाग तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने नियमों और आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी देकर संचालकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया था। बैठक में रायबरेली कोचिंग एसोसिएशन के वरिष्ठ संरक्षक सूरज शुक्ला तथा विधिक सलाहकार एवं प्रवक्ता एडवोकेट आलोक श्रीवास्तव ने कोचिंग संचालकों से जुड़े विभिन्न विषयों को अधिकारियों के समक्ष रखा। एसोसिएशन के अध्यक्ष तारीक खान ने संयुक्त शिविर के आयोजन को सकारात्मक पहल बताते हुए जिलाधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस पहल से संचालकों के बीच व्याप्त कई तरह की शंकाएं दूर हुई हैं। एडवोकेट आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि शिविर के अंतिम दिन अधिक से अधिक आवेदन पूर्ण कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे पात्र कोचिंग संस्थानों का पंजीकरण शीघ्र पूरा हो सके। उन्होंने बताया कि सील किए गए कोचिंग संस्थानों से जुड़े मामलों पर भी अधिकारियों द्वारा अंतिम दिन चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जाने का आश्वासन दिया गया है। शिविर में रायबरेली कोचिंग एसोसिएशन के संरक्षक अजमी जमाल, सूरज शुक्ला, अध्यक्ष तारीक खान, उपाध्यक्ष पवन विक्रम, सचिव हिमांशु धनुक, संगठन मंत्री धर्मेंद्र वर्मा, प्रवीण शुक्ला, जगदीश चौहान, सोमेश चंद्र, गीतेश दीक्षित, किस्मत अली, विवेक सिंह, अंकुर गुप्ता, अमरेंद्र सिंह, संदीप, देवेंद्र त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में कोचिंग संचालक मौजूद रहे।