ऑपरेशन सिंदूर के वक्त गुजरात के सैन्य ठिकानों पर थी चीन की नजर, 3 जासूसी उपग्रह कर रहे थे निगरानी

बेंगलुरु की अंतरिक्ष निगरानी कंपनी दिगंतरा की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पिछले साल मई में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन के तीन जासूसी उपग्रहों ने गुजरात के तट पर लगातार नजर रखी थी। रिपोर्ट के मुताबिक निंग्शिया-14, गाओफेन-11 और याओगन-30 नाम के उपग्रह 10 और 11 मई को भुज, नलिया और जामनगर के आसपास खास तौर पर सक्रिय थे।
इन उपग्रहों की नजर में भुज और नलिया के वायुसेना ठिकाने, नौसेना की सुविधाएं और जामनगर रिफाइनरी परिसर भी थे। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 7 मई को, जिस दिन ऑपरेशन सिंदूर शुरू हुआ, याओगन-43 01जी उपग्रह ने अपनी कक्षा बदली थी, ताकि भारतीय ठिकानों पर लंबे समय तक नजर रखी जा सके।



