जेई की दस्तक के बाद एक्शन मोड में स्वास्थ्य विभाग

खड़खोड़ी में घर घर पहुंची स्वास्थ्य टीम

महराजगंज। पिछले वर्ष जापानी इंसेफेलाइटिस के दो मरीज मिलने के बाद विकास खंड बृजमनगंज का ग्राम खड़खोड़ी स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में है। संभावित संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने गांव में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाते हुए व्यापक स्तर पर साफ-सफाई, दवा छिड़काव और जनजागरूकता अभियान शुरू किया।जनपद मुख्यालय से पहुंचे अधिकारियों तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज की टीम ने गांव का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान नालियों की सफाई कराई गई, ब्लीचिंग पाउडर एवं एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया गया। साथ ही झाड़ियों की कटाई कराकर मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाने के उपाय किए गए। ग्रामीणों को घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा संचारी रोगों से बचाव के लिए आवश्यक जानकारी भी दी गई।सीएचसी बृजमनगंज के अधीक्षक डा0 सुशील कुमार गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2025 में गांव में जापानी इंसेफेलाइटिस के दो मामले सामने आए थे। इसी कारण खड़खोड़ी को हाई रिस्क श्रेणी में रखा गया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार गांव की निगरानी कर रही है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है। इस अभियान में जिला मलेरिया अधिकारी नीलोत्पल कुमार सहायक मलेरिया अधिकारी अनिल कुमार चौरसिया मलेरिया निरीक्षक प्रीत कुमार, बीसीपीएम विनोद कुमार बीएचडब्ल्यू भार्गव भूषण यादव, स्वास्थ्य विभाग की टीम पंचायत कर्मियों तथा ग्राम प्रधान असद अहमद ने सक्रिय भूमिका निभाई।